जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित
मुंगेली, 17 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित कर आधार पंजीयन एवं अद्यतन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आधार अपडेट के फायदे बताते हुए कहा कि इससे डिजिलॉकर में दस्तावेज सुरक्षित रखना आसान होगा तथा छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को आसानी से मिल सकेगा। बैठक में आधार सेवा में आ रही तकनीकी समस्याओं एवं उनके त्वरित समाधान के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि जिले में वर्तमान में 59 आधार केंद्र संचालित हैं। कलेक्टर ने लेफ्टआउट हितग्राहियों की पहचान कर उनका शीघ्र पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुंगेली एवं लोरमी में एक सप्ताह के भीतर नए आधार सेवा केंद्र प्रारंभ करने तथा ऐसे स्थानों पर केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए, जहां आमजनों की अधिक आवाजाही हो।
कलेक्टर ने मुंगेली कलेक्टोरेट स्थित आधार सेवा केंद्र को व्यवस्थित एवं सुसज्जित करने तथा नगरपालिका कार्यालय में भी आधार सुविधा केंद्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार मशीनों की नियमित मॉनिटरिंग, डीएलएएमसी की भूमिका एवं जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन पर बल दिया। बैठक में कलेक्टर ने आधार ऑपरेटरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आधार के नाम पर गरीबों से अतिरिक्त पैसे लेना पूरी तरह बंद किया जाए तथा सभी ऑपरेटरों से इस संबंध में शपथ पत्र लिया जाए। आधार केंद्रों में अनिवार्य रूप से सूचना बोर्ड एवं रेट कार्ड प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी आधार केंद्र यथासंभव शासकीय परिसरों में संचालित हों। साथ ही एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को प्रत्येक माह सीएससी केंद्रों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। आधार पंजीयन में धीमी प्रगति पर जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने तथा शैडो एरिया में नए सीएससी केंद्र खोलने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को आधार पंजीयन एवं अद्यतन के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि जिले में शत-प्रतिशत आधार कवरेज सुनिश्चित किया जा सके।
कलेक्टर ने बच्चों के आधार नामांकन एवं बायोमैट्रिक अपडेट को प्राथमिकता देने के साथ ही विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण, आधार पंजीयन एवं बायोमैट्रिक अपडेट की प्रगति पर विस्तार से चर्चा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार ऑपरेटरों की उपलब्धता, उनके प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन का मूल्यांकन करते हुए सेवा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया। साथ ही बच्चों के आधार नामांकन एवं बायोमैट्रिक अपडेट को शीघ्र शतप्रतिशत पूरा करने प्राचार्यों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में आधार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दस्तावेज अपडेट की निःशुल्क सुविधा की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा आधार नामांकन शिविर आयोजित करने के लिए रोस्टर तैयार करने, इन-हाउस मॉडल के तहत संचालित आधार केंद्रों की स्थिति एवं उनके विस्तार पर चर्चा की गई। सर्विस प्लस आईडी के माध्यम से 18 वर्ष एवं 100 वर्ष आयु वर्ग के वेरिफिकेशन की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधार सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विशेष रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधार पंजीयन एक महत्वपूर्ण सेवा है, जिससे नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिलता है, इसलिए जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को आधार पंजीयन एवं अद्यतन के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।