कृषि केन्द्रों का किया गया आकस्मिक निरीक्षण
मुंगेली, 17 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले के किसानों को उच्च गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित टीम द्वारा विभिन्न कृषि केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कैलाश ट्रेडर्स मुंगेली, जय भवानी ट्रेडर्स धरमपुरा एवं शिव कृषि केंद्र धरमपुरा में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया कि कृषकों को निर्धारित दर पर ही रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराएं तथा उर्वरक के साथ अन्य सामग्री अनिवार्य रूप से न दें।
कृषि विभाग के उपसंचालक ने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 25 हजार 132 टन रासायनिक उर्वरक उपलब्ध है, जिसमें से 14 हजार 773 टन निजी एवं सहकारी क्षेत्रों में भंडारित किया जा चुका है। निजी क्षेत्र के माध्यम से उर्वरकों का वितरण भी जारी है। किसानों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें और अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद एवं बीज खरीदें।