जिले में 9.41 करोड़ की
मुंगेली, 17 अप्रैल 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज रणजीता स्टेडियम, जशपुर नगर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेस-4 के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पीएमजीएसवाय अंतर्गत प्रदेश के कुल 774 सड़कों का शिलान्यास किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण विकास की दिशा में एक नई क्रांति आएगी।
कार्यक्रम अंतर्गत जिले में लोरमी एवं मुंगेली विकासखंडों के विभिन्न गांवों में कुल 06 सड़कों का भूमिपूजन किया गया, जिनकी कुल लंबाई लगभग 9.65 किलोमीटर है। इन सड़कों के निर्माण पर लगभग 9.41 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी, जिसमें निर्माण एवं मेंटेनेंस लागत शामिल है। इस अवसर पर जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक श्री मोहले ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी, कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी आएगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच सुगम होगी। ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास में सड़क नेटवर्क की अहम भूमिका होती है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली ये सड़कें न केवल गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ेंगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति देंगी।
कलेक्टर ने कहा कि स्वीकृत सड़कों में लोरमी एवं मुंगेली विकासखंड के विभिन्न ग्रामीण मार्ग शामिल हैं, जिनके निर्माण से दूरस्थ क्षेत्रों के गांवों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। उन्होंने पूर्ण गुणवत्ता के साथ सड़कों का निर्माण कराने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। ईई पीएमजीएसवाय श्री सूर्यवंशी ने बताया कि लोरमी अंतर्गत टी 010 एस.एच.8 मेन रोड से कंसरा लम्बाई 2.50 किमी, दाधीपारा खास से नथेलापारा लम्बाई 1.50 किमी, मुंगेली अंतर्गत गोपतपुर से बिंझौरी लम्बाई 0.95 किमी, मेन रोड दाबो से बहरपुर लम्बाई 01 किमी, गीधा चातरखार बायपास से बरबसपुर लम्बाई 2.10 किमी और बिलासपुर मुंगेली रोड से चितवाकापा लम्बाई 1.60 किमी सड़क की स्वीकृति मिली है। इन सड़कों के बन जाने से 01 हजार 700 से अधिक बसाहटों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।