बिहान योजना से जुड़कर बिलासो बाई बनीं ‘लखपति दीदी’

अम्बिकापुर, 20 अप्रैल 2026/ sns/-  छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ’बिहान’ योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में खुशहाली और स्वावलंबन का नया सवेरा ला रही है। जिले के उदयपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत सोनतराई की श्रीमती बिलासो बाई की सफलता की कहानी अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। कभी आर्थिक तंगी का सामना करने वाली बिलासो बाई आज न केवल एक सफल उद्यमी हैं, बल्कि उनकी पहचान अब  ‘लखपति दीदी’ के रूप में हो रही है।

शून्य से उद्यमी तक का सफर
श्रीमती बिलासो बाई ने बताया कि साल 2016 से पहले उनकी आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी। इसी दौरान वे बिहान योजना के तहत ग्राम विकास स्व-सहायता समूह से जुड़ीं। शुरुआत में छोटे लोन लेकर उन्होंने किराने का व्यवसाय शुरू किया। मेहनत और लगन के साथ काम करते हुए उन्होंने समूह से 1 लाख रुपये का बड़ा ऋण लिया और अपनी दुकान का विस्तार किया। उन्होंने बताया कि आज बिहान योजना की बदौलत सालाना डेढ़ से दो लाख रुपये की शुद्ध बचत कर पा रही हूँ। और  उन्होंने अपना समूह से लिया लोन भी पटा दिया है। उनकी दुकान अब इतनी व्यवस्थित है कि उनके बच्चे भी इसे संभालने में मदद कर रहे हैं।

आत्मविश्वास और आर्थिक विकास
बिलासो बाई ने अपनी सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को देते हुए कहा कि इस योजना से ग्रामीण महिलाओं में आत्मविश्वास जागा है। अब महिलाएं घर की चारदीवारी से निकलकर आजीविका की विभिन्न गतिविधियों से जुड़ रही हैं और आर्थिक रूप से सशक्त होकर परिवार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में अपना योगदान दे रही हैं।

जिले में 24 हजार से अधिक ‘लखपति दीदी’
कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में जिले में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का ही परिणाम है कि जिले में अब तक 24 हजार 3 सौ 84 से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ के रूप में उभरकर सामने आई हैं। बिहान योजना के माध्यम से महिलाओं को न केवल वित्तीय ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, बल्कि उन्हें कौशल प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी भी बनाया जा रहा है।

About The Author