चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सतर्कता से टला बाल विवाह गांव में जागरूकता की नई मिसाल

बीजापुर, 20 अप्रैल 2026/sns/- चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बढ़ते प्रचार-प्रसार का सकारात्मक असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में जिला बीजापुर के भैरमगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पिनकोंडा में संभावित बाल विवाह की सूचना मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर एक नाबालिग बालिका का विवाह रुकवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पिनकोंडा, थाना मिरतुर क्षेत्र की 17 वर्ष 4 माह 28 दिन की एक बालिका के विवाह की तैयारियां चल रही थीं। जैसे ही इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को मिली, महिला एवं बाल विकास विभाग, भैरमगढ़ के सेक्टर पर्यवेक्षक, पुलिस थाना मिरतुर और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पंचनामा तैयार किया गया तथा बालिका और उसके परिजनों को बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से समझाया गया। बालिका की काउंसलिंग की गई और माता सहित अन्य परिजनों के बयान लिए गए। परिवार ने भविष्य में बाल विवाह न करने की शपथ भी ली। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभा का आयोजन कर बाल विवाह रोकथाम पर व्यापक चर्चा की गई। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर “बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत” बनाने का संकल्प लिया। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुन्ती पुनेम एवं इमला नायक, ग्राम सरपंच शांति मण्डावी, सचिव लक्षण कडती तथा पंचगण रामा ओयाम और बीजादूतीर की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।

About The Author