जनगणना 2027 की तैयारियां तेज कलेक्टर संबित मिश्रा ने प्रशिक्षण का किया निरीक्षण
बीजापुर, 20 अप्रैल 2026/sns/- जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति एवं प्रशिक्षण सामग्री का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य हैए जो देश की नीतियों और योजनाओं की आधारशिला तय करता है। इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने प्रगणकों को निर्देशित करते हुए कहा कि घर-घर जाकर सटीक एवं निष्पक्ष जानकारी संकलित करें तथा प्रत्येक परिवार से संवाद स्थापित कर सही डेटा संग्रह सुनिश्चित करें। सुपरवाइजर्स को उन्होंने अपने अधीन कार्यरत प्रगणकों की नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विशेष रूप से डिजिटल माध्यमों के उपयोग, समय-सीमा के पालन तथा गोपनीयता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय होती हैं, इसलिए इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारियों ने जनगणना प्रक्रिया, प्रपत्र भरने की विधि, मोबाइल एप के उपयोग एवं संभावित चुनौतियों के समाधान पर विस्तार से जानकारी दी।
अंत में कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स से पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई, ताकि जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके। इस अवसर पर एसडीएम बीजापुर श्री जागेश्वर कौशल, तहसीलदार श्री पंचराम सलामे मास्टर ट्रेनर्स सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित थे।