पोषण पखवाड़ा 1000 स्वर्णिम दिनों पर विशेष फोकस माताओं-बच्चों को दी जा रही पोषण की जानकारी
मुंगेली, 22 अप्रैल 2026/sns/- महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत जिले में 23 अप्रैल 2026 तक “पोषण पखवाड़ा” का आयोजन किया जा रहा है। पोषण पखवाड़ा के तहत जिले में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य कुपोषण को दूर कर स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण करना है। इस दौरान 1000 स्वर्णिम दिनों पर विशेष फोकस किया जा रहा है और माताओं-बच्चों को पोषण की जानकारी दी जा रही है।
इसी कड़ी में आज सेक्टर बरेला अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रम में राज्य स्तर से नोडल अधिकारी श्रीमती निशा मिश्रा (उपसंचालक) शामिल हुईं और न्योता भोज कार्यक्रम के माध्यम से माताओं एवं बच्चों को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। नोडल अधिकारी श्रीमती मिश्रा ने कार्यक्रम के दौरान जीवन के प्रारंभिक 06 वर्षों, विशेषकर पहले 1000 दिनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए बच्चों के मस्तिष्क विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से 06 वर्ष की आयु तक बच्चों के मस्तिष्क का लगभग 85 प्रतिशत विकास हो जाता है, जिसमें प्रारंभिक पोषण की अहम भूमिका होती है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजुला शर्मा ने बच्चों के समग्र विकास के लिए खेल आधारित गतिविधियों, स्क्रीन टाइम कम करने तथा पालकों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर प्रकाश डाला। वहीं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री गोपाल लांडी ने बताया कि शिशु एवं मातृ पोषण, विशेषकर 0 से 03 वर्ष के बच्चों के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को गति मिलती है। कार्यक्रम में नगर पंचायत बरेला के अध्यक्ष श्री नरेश पटेल, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएं, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्री राजेन्द्र गेंदले, सेक्टर पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं भी मौजूद रहीं।