कलेक्टर ने खिलाड़ियों को प्रदान किया आधुनिक खेल सामग्री किट
मुंगेली, 22 अप्रैल 2026/sns/- शासन द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में खेल विभाग मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में संचालित पंजीकृत संस्था सनराइज क्रिकेट अकादमी को आधुनिक खेल सामग्री किट का वितरण किया गया, इससे जिले में खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा। यह कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित हुआ। खेल सामग्री वितरण से बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।
कलेक्टर ने कार्यक्रम के दौरान क्रिकेट बॉलिंग मशीन, हेलमेट, बैट, बॉल, नेट सहित विभिन्न आवश्यक खेल सामग्रियों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी निर्माण करता है। कलेक्टर ने आगे कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए इस प्रकार की योजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। शासन का उद्देश्य है कि हर बच्चे को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का समान अवसर मिले और वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास करने, खेल भावना बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मौजूद क्रिकेट अकादमी के संचालक ने शासन और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस खेल सामग्री से बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और उनके प्रदर्शन में सुधार आएगा। उन्होंने बताया कि बॉलिंग मशीन जैसे आधुनिक उपकरण से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक स्तर पर फायदा मिलेगा। इससे जिले में क्रिकेट के प्रति रुचि और अधिक बढ़ेगी तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे आने का अवसर मिलेगा। खेल सामग्री मिलने के बाद बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई बच्चों ने उत्साहपूर्वक तुरंत अभ्यास भी शुरू कर दिया। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनके बच्चों को बेहतर सुविधा और मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में इसी तरह की योजनाओं के माध्यम से जिले में खेल गतिविधियों को और गति देने की बात कही।