सुशासन तिहार 2026 संतृप्तिकरण शिविर के संबंध में प्रशिक्षण आयोजित

मुंगेली, 22 अप्रैल 2026/sns/- सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत संतृप्तिकरण शिविर के संबंध में जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारियों को शिविरों के सुचारू संचालन, आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी लंबित मामलों का समाधान 30 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सके। बैठक में अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी गई। साथ ही यह भी कहा गया कि शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने में कोई कमी न रहे।
प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविरों को अधिक प्रभावी, जनोन्मुखी एवं परिणाममूलक बनाना रहा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जिले में सुशासन को सशक्त बनाने और आमजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 01 मई से 10 जून 2026 तक “सुशासन तिहार” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। इससे पहले सभी लंबित प्रकरणों का 30 अप्रैल 2026 तक निराकरण सुनिश्चित करने संतृप्तिकरण शिविर आयोजित करने के संबंध में इस प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

About The Author