राजस्व कार्यों में गति और पारदर्शिता पर जोर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देशनामांतरण से लेकर राजस्व के सभी कामकाज की गहन समीक्षा

रायगढ़, 23 अप्रैल 2026/sns/- जिले में राजस्व कार्यों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सभी राजस्व अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में राजस्व से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए।
 कलेक्टर ने नामांतरण, सीमांकन, खाता विभाजन, डायवर्सन सहित ऑटो डायवर्सन के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को इन प्रक्रियाओं की जानकारी देने के लिए विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए, ताकि लोग आसानी से सेवाओं का लाभ ले सकें। इसके साथ ही त्रुटि सुधार, नजूल प्रकरण, ई-कोर्ट, भूमि अधिग्रहण और रिकॉर्ड दुरुस्ती से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
 बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि राजस्व विभाग शासन और प्रशासन की रीढ़ है, इसलिए अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रत्येक प्रकरण का निपटारा समय पर होना चाहिए।
 लैंड बैंक के लिए चिन्हित वन भूमि, ऑरेंज एरिया सर्वे, विकास कार्यों हेतु भू-आवंटन, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और भू-अर्जन अवार्ड से संबंधित प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागीय समन्वय के माध्यम से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
 बैठक में जिला वन मंडलाधिकारी श्री अरविंद पीएम, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, श्री रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

About The Author