सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की सचिव पटवारी व ब्लॉक स्तरीय कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित

मोहला ,23 अप्रैल 2026/sns/- सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष एवं मानपुर सामुदायिक भवन में ग्राम पंचायत सचिवों, पटवारियों एवं ब्लॉक स्तरीय कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जनहितकारी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों को मांग के अनुरूप आगामी कार्ययोजना में शामिल करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति, राशन कार्ड निर्माण, मनरेगा जॉब कार्ड, मजदूरी भुगतान, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, पेंशन एवं अन्य व्यक्तिगत समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों को गंभीरता से लेने तथा उनकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का विधिवत संधारण एवं सूचीकरण कर गांववार अलग-अलग अद्यतन किया जाए। शिविर स्थलों पर बैठने, छांव एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा क्लस्टर ग्राम पंचायतों की जानकारी अद्यतन रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों को अपने-अपने पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर पंचायतों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने तथा पंचायत कार्यालयों के सभी रजिस्टर अद्यतन रखने को कहा। इसके साथ ही जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में भी साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविरों की जानकारी कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर एवं ग्राम पंचायतों में तिथि अनुसार चस्पा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी सहित ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी, जनपद एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author