पृथ्वी दिवस पर ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता का दिया संदेश
बलौदाबाजार, 23 अप्रैल 2026/sns/-पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को बलौदाबाजार वनमण्डल अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत वनमण्डल के समस्त परिक्षेत्रों, ग्रामों, शैक्षणिक संस्थानों एवं कार्यालयों में पृथ्वी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सायं 6 बजे से 7 बजे तक आयोजित ‘अर्थ ऑवर’ रहा, जिसके अंतर्गत एक घंटे के लिए विद्युत उपकरणों एवं लाइटों को बंद रखकर ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान वनमण्डल कार्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर स्वेच्छा से विद्युत उपयोग को सीमित कर सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित की गई। अभियान के अंतर्गत संयुक्त वन प्रबंधन समितियों पारिस्थितिकी विकास समितियों तथा स्थानीय ग्रामवासियों द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में ऊर्जा संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी एवं जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के संबंध में जानकारी साझा की गई। साथ ही पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के संरक्षण एवं सौर ऊर्जा जैसे वैकल्पिक साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी से दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण की दिशा में योगदान देने हेतु अपील कि।