आधार कार्ड में संशोधन से दूर हुई समस्या
मुंगेली, 24 अप्रैल 2026/sns/- मुंगेली स्थित आधार सेवा केन्द्र द्वारा आमजनों की आधार कार्ड में संशोधन संबंधित समस्याओं का निराकरण कर राहत पहुंचाई जा रही है। इसी कड़ी में मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम निपनिया की निवासी कुमारी करुणा जांगड़े के लिए आधार कार्ड में दर्ज एक छोटी सी त्रुटि उनके जीवन की बड़ी बाधा बन गई थी। आधार में उनकी जन्मतिथि 11 जून 2009 अंकित थी, जबकि वास्तविक जन्मतिथि 11 सितंबर 2006 थी। इस गलती के कारण उन्हें शैक्षणिक एवं अन्य कार्यों में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। करुणा और उनके पिता श्री तुलसी जांगड़े ने आधार केंद्र में जाकर सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने मार्कशीट एवं जन्म प्रमाण पत्र जैसे वैध दस्तावेज प्रस्तुत किया, लेकिन अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं होने के कारण आवेदन निरस्त हो जाता था।
इसी बीच श्री तुलसी जांगड़े तहसील कार्यालय, मुंगेली स्थित आधार केंद्र पहुंचे, जहां उन्हें चिप्स द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में दिए गए मार्गदर्शन के आधार पर बताया गया कि ऐसे मामलों में शपथ पत्र संलग्न करने से सुधार संभव हो सकता है। उचित मार्गदर्शन का पालन करते हुए उन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शपथ पत्र संलग्न कर पुनः आवेदन किया। इस बार उनका प्रयास सफल रहा और करुणा जांगड़े की सही जन्मतिथि 11 सितम्बर 2006 आधार में अपडेट हो गई। अब करुणा बिना किसी बाधा के अपने शैक्षणिक एवं शासकीय कार्यों का लाभ ले पा रही हैं।