मुख्य वन संरक्षक ने बारनवापारा अभयारण्य का किया निरीक्षण
बलौदाबाजार, 24 अप्रैल 2026/sns/- मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र निदेशक, उदंती-सीतानदी टायगर रिजर्व, गुरुनाथन एन.ने गुरुवार को बारनवापारा अभयारण्य का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अभयारण्य के विभिन्न प्रबंधन पहलुओं की समीक्षा करते हुए वन्यजीव संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की ।
निरीक्षण के दौरान वाइल्ड बफेलो कंजर्वेशन सेंटर का भ्रमण किया गया, जहां जल उपलब्धता को सुदृढ़ करने, क्षेत्र के वैज्ञानिक विस्तार एवं एलीफेंट ट्रेंच प्रूफ निर्माण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही रामपुर चारागाह क्षेत्र का भी निरीक्षण किया जहां ब्लैकबक संरक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
घासभूमि के विकास एवं बेहतर प्रबंधन के लिए विस्तृत योजना तैयार करने, ग्रासलैंड्स के तुलनात्मक वर्गीकरण पर रिपोर्ट तैयार करने, बांस के बीज संग्रहण एवं सीड बॉल गतिविधियों को बढ़ावा देने, हाथी संबंधी रिपोर्ट तैयार करने तथा फ्लाइंग स्क्वॉड को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।अकलतरा ग्राम के निवासियों के साथ बैठक आयोजित कर विस्थापन से संबंधित मुद्दों एवं समस्याओं पर चर्चा की गई, जिसमें ग्रामीणों के सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण एवं वैकल्पिक आजीविका सृजन के उपायों पर विचार किया गया।
इस दौरान वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर, अधीक्षक बारनवापारा अभयारण्य कृषानू चन्द्राकार, प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक गुलशन साहू, परिक्षेत्र अधिकारी बार सुश्री रूपेश्वरी दीवान, परिक्षेत्र सहायक गीतेश बंजारे सहित संबंधित अधिकारी एवं वनकर्मी उपस्थित रहे।