जनगणना जागरूकता कार्यशाला आयोजित तहसीलदार ने की स्व-गणना करने की अपील
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 अप्रैल 2026/sns/-छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शासन-प्रशासन अब सीधे गांवों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत पंचधार में शुक्रवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया, जहां सरिया तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू ने ग्रामीणों को जनगणना की प्रक्रिया समझाया और सभी से स्व-गणना करने अपील की। कार्यशाला में मौके पर ही कई लोगों ने मोबाइल के माध्यम से अपनी जानकारी भरकर स्व-गणना पूरी भी की।
कार्यशाला में मौजूद नागरिक महेश बारीक ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया बेहद आसान है और इसे मोबाइल के जरिए कुछ ही स्टेप्स में पूरा किया जा सकता है। वहीं पत्रकार हेमंत पटेल ने भी मौके पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर स्व-गणना भरकर प्रक्रिया को समझा। इस दौरान पटवारी, सचिव, सरपंच-उप सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपने मोबाइल से जानकारी भरकर सबमिट किया।
प्रशासन की ओर से पहले ही कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे द्वारा स्व-गणना कर जिलेवासियों को प्रेरित किया जा चुका है। उन्होंने नागरिकों से अपील किया है कि वे आगे आकर इस प्रक्रिया में भाग लें और सही व पूर्ण जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना का काम सटीक और सफल हो सके। अधिकारियों का कहना है कि इस बार डिजिटल माध्यम से जनगणना को अधिक सरल और पारदर्शी बनाया गया है।
जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इससे पहले 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-गणना की सुविधा दी गई है। इच्छुक नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर अपने परिवार और मकान की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना के बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक आईडी दी जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा, क्योंकि सत्यापन के दौरान प्रगणक को यही आईडी दिखानी होगी।