कलेक्टर ने ली समय सीमा की बैठक
मुंगेली, 28 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए लक्षित उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने 01 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले सुशासन तिहार की तैयारियों के बारे मे विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि जिले में विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 24 शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनका समय प्रातः 09 बजे से दोपहर 01 बजे तक निर्धारित किया गया है। शिविरों के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों के दायित्व तय करते हुए माइक, टेंट, छाया, पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में कलेक्टर ने संतृप्तिकरण शिविरों के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि 30 अप्रैल तक लंबित सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित लाभ मिल सके। उन्होंने विभाग प्रमुखों को अपने-अपने क्लस्टर के शिविरों की पूरी जानकारी रखने तथा आवेदन पंजीयन एवं निराकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर जोर देते हुए सभी विभागों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिक लंबित प्रकरण वाले विभागों को विशेष कार्ययोजना बनाकर तेजी से कार्य करने को कहा गया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण, प्रगतिरत आवासों की जानकारी ली और निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने ग्राम गैंजी, भथरी, अमलीकापा, पदमपुर, खुड़िया और मोहबंधा में हाईस्कूल निर्माण के लिए स्थल चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। इसी तरह ग्राम कुकुसदा, दशरंगपुर, डाड़गांव और अमोरा में हायर सेकेण्डरी स्कूल निर्माण के लिए स्थल चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में एलपीजी की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए गैस सप्लाई की नियमित मॉनिटरिंग तथा कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में रसोई गैस, पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। गैस एजेंसियों, होटलों एवं अन्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड निर्माण में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
*“सही दवा, शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार”:*
*सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त औषधि उपलब्ध कराने 11 मई तक चलेगा सघन जांच अभियान*
कलेक्टर ने “सही दवा, शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त औषधि उपलब्ध कराने विशेष अभियान संचालन के संबंध में जानकारी ली। सहायक संचालक औषधि ने बताया कि 11 मई तक 15 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जाएगा, जिसमें गुणवत्तायुक्त दवा के उपयोग एवं जनजागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कलेक्टर ने पुलिस, राजस्व एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को समन्वय के साथ अभियान संचालित करने, अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने तथा ड्रग्स एवं सूखे नशे पर रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही सीएमएचओ को झोलाछाप डॉक्टरों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने, कोटपा एक्ट के तहत जागरूकता अभियान चलाने तथा निजी अस्पतालों में नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने निर्देशित किया। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।