प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से बदली धनराज साहू की तकदीर

मुंगेली, 28 अप्रैल 2026/sns/- प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत प्राप्त ऋण के साथ ही अपनी मेहनत से जिले के ग्राम सिंगबांधा निवासी श्री धनराज साहू ने सफलता की नई कहानी लिखी है। उन्होंने प्राप्त ऋण से अपने छोटे व्यवसाय को सशक्त बनाकर न सिर्फ अपनी आय बढ़ाई, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ की। श्री साहू पहले बलानी चौक मुंगेली में पावर टूल्स नाम से एक छोटी दुकान संचालित करते थे, जहां वे इलेक्ट्रॉनिक एवं पावर टूल्स रिपेरिंग का कार्य करते थे। संसाधनों और आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण वे ग्राहकों की सभी समस्याओं का समाधान नहीं कर पाते थे, जिससे कई ग्राहक निराश होकर लौट जाते थे और उनकी आय सीमित बनी हुई थी।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में जानकारी मिलने पर उन्होंने जिला कलेक्टोरेट स्थित जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से संपर्क कर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोग से उन्हें यूको बैंक से 03 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। जिसके बाद श्री साहू ने अपनी दुकान में आधुनिक उपकरण, आवश्यक औजार और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता सुनिश्चित की। इससे अब वे इलेक्ट्रॉनिक एवं पावर टूल्स से संबंधित सभी प्रकार की रिपेरिंग सेवाएं आसानी से प्रदान कर पा रहे हैं। संसाधनों के विस्तार के साथ उनकी दुकान में ग्राहकों की संख्या बढ़ी, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। आज उनका व्यवसाय पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आया है। श्री धनराज साहू ने इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

About The Author