महतारी वंदन योजना बबली चतुर्वेदी को मिली आर्थिक आत्मनिर्भरता
मुंगेली, 28 अप्रैल 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना जिले की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसी कड़ी में जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पेंड्रीतालाब एन की निवासी बबली चतुर्वेदी के बैंक खाते में महतारी वंदन योजना के तहत आवेदन करने के बाद प्रतिमाह 01 हजार रुपये की राशि सीधे जमा हो रही है। यह नियमित आर्थिक सहायता उनके लिए एक मजबूत सहारा बन गई है। इससे अब वे अपनी दैनिक जरूरतों को स्वयं पूरा कर पा रही हैं और परिवार के खर्च में भी सहयोग कर रही हैं।
मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाली बबली चतुर्वेदी का जीवन पहले आर्थिक अस्थिरता और अनिश्चित आय के कारण कठिनाइयों से भरा हुआ था। कई बार काम नहीं मिलने पर घर का खर्च चलाना चुनौती बन जाता था, वहीं छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उनका आत्मसम्मान प्रभावित होता था। बबली चतुर्वेदी ने बताया कि यह सिर्फ हजार रुपये नहीं, बल्कि मेरे रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का बेहतर माध्यम है। अब मुझे छोटी-छोटी जरूरतों के लिए किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती। इस योजना के माध्यम से न केवल उनकी छोटी-मोटी जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और आत्मसम्मान में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब वे अपने बच्चों की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रही हैं। उन्होंने योजना के संचालन क लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है।