3 मई को डीएवी पब्लिक स्कूल मुरतोंडा में नीट परीक्षा
सुकमा, 28 अप्रैल 2026/sns/-जिले में आगामी 3 मई 2026 (रविवार) को नीट की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री शबाब खान ने बताया कि डीएवी पब्लिक स्कूल मुरतोंडा, सुकमा को एकमात्र परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र पर कुल 350 परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए आवंटित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां तेज़ी से की जा रही हैं।
डीएवी स्कूल के प्राचार्य श्री अनिरुद्ध मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश का समय पूर्वाह्न 11ः00 बजे से अपराह्न 1ः30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा तथा गेट बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा का समय अपराह्न 2ः00 बजे से 5ः00 बजे तक रहेगा। परीक्षा के लिए कुल 15 कक्षों में बैठक व्यवस्था की जा रही है और सभी कक्ष भूतल पर ही रखे गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा तिथि से पहले परीक्षा केंद्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें तथा प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर तैयारी करें। साथ ही समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचकर अनुशासन का पालन करें, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।