हाथकरघा बुनकर हितग्राहियों को योजनाओं से मिल रहा लाभ

  • राजनांदगांव 30 अप्रैल 2026/sns/- जिले में हाथकरघा बुनकरों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। जिले में वर्तमान में 40 बुनकर सहकारी समितियां सक्रिय हैं, जिनके माध्यम से 2990 बुनकर हाथकरघा पर वस्त्र उत्पादन कर निरंतर रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। वर्ष 2025-26 में कुल 273 बुनकर हितग्राहियों को 1 करोड़ 23 लाख 52 हजार रूपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। बुनकर वर्कशेड सह आवास योजनांतर्गत 6 समितियों के 23 हितग्राहियों को प्रति हितग्राही 2 लाख 50 हजार रूपए के मान से कुल 57 लाख 50 हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी गई।
    इसी प्रकार उन्नत उपकरण योजनांतर्गत 8 समितियों के 210 बुनकरों को 30 लाख 24 हजार रूपए की सहायता प्रदान की गई। नवीन बुनाई प्रशिक्षण योजना के तहत 1 समिति के 20 हितग्राहियों को 6 लाख 80 हजार रूपए का अनुदान दिया गया। अधोसंरचना विकास के अंतर्गत 2 समितियों को भवन निर्माण एवं मरम्मत हेतु 25 लाख 38 हजार रूपए की सहायता दी गई, वहीं अनुसंधान विकास योजना के तहत 1 समिति के 20 हितग्राहियों को 3 लाख 60 हजार रूपए प्रदान किए गए। इन योजनाओं से बुनकरों को आधुनिक संसाधन, प्रशिक्षण एवं बेहतर कार्य वातावरण मिल रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

About The Author