07 मई को सभी ग्राम पंचायतों में मनाया जाएगा रोजगार दिवस एवं आवास दिवस

अम्बिकापुर, 06 मई 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशानुसार 07 मई को जिले की समस्त 439 ग्राम पंचायतों में शासन के निर्देशानुसार चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

आयोजन के दौरान ग्रामीणों को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को अधिकतम 90 दिवस में पूर्ण कराने हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर कार्ययोजना बनाकर चर्चा की जाएगी। साथ ही लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्मित आवासों में स्वप्रेरणा से वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं विकसित करने के लिए हितग्राहियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यक्रम में आवास हितग्राहियों को उनके खातों में हस्तांतरित राशि की जानकारी दी जाएगी तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मनरेगा अंतर्गत लंबित मजदूरी भुगतान की स्थिति से अवगत कराया जाएगा और प्रगतिरत कार्यों को वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए जाएंगे। मांग आधारित नए कार्यों की स्वीकृति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

“मोर गांव-मोर पानी-मोर तरिया” अभियान के तहत स्वीकृत नवीन तालाब निर्माण एवं तालाब गहरीकरण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर उन्हें आजीविका संवर्धन हेतु सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) को हस्तांतरित करने पर चर्चा की जाएगी। साथ ही आजीविका डबरी के माध्यम से आय सृजन सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी।

जल संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। ग्राम पंचायतों में क्यूआर कोड के माध्यम से विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करने के लिए ग्रामवासियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

कलेक्टर श्री वसंत ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक ग्रामीणों को हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी दें एवं लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।

About The Author