बस्तर मुन्ने शिविर संकनपल्ली के ग्रामीणों को घर बैठे मिला बी-1, खसरा, चेहरे खिले
बीजापुर, 05 मई 2026/sns/-छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन और जनकल्याण की दिशा में लगातार सार्थक कदम उठा रही है। इसी क्रम में ‘‘बस्तर मुन्ने‘‘ कार्यक्रम के तहत सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के लिए सैचुरेशन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में प्रशासनिक अमला अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कर रहा है। संबंधित एसडीएम द्वारा शिविरों की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे।
ग्राम पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही बी-1 खसरा (भूमि नक्शा), आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड और वय वंदना कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार कर वितरित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में उसूर ब्लॉक के ग्राम संकनपल्ली में आयोजित बस्तर मुन्ने सैचुरेशन शिविर के दौरान ग्रामीणों को बी-1 खसरा का वितरण किया गया। घर के पास ही जरूरी दस्तावेज मिलने से ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय पर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बस्तर मुन्ने सैचुरेशन शिविर एवं छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।