सुशासन तिहार की तैयारी तेज 6 मई से ईटपाल से होगा आगाज़ कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
बीजापुर, 06 मई 2026/sns/-जिले में सुशासन को और मजबूत बनाने की दिशा में ‘सुशासन तिहार‘ का आयोजन 06 मई से 30 मई तक किया जाएगा। इसकी शुरुआत ग्राम पंचायत ईटपाल से होगी। कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में इस महत्वाकांक्षी अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविरों का आयोजन गरिमामय, प्रभावी और परिणाममुखी हो।
कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और उनकी मांगों व समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। शिविर में प्राप्त आवेदनों को उसी दिन पोर्टल पर अपलोड कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, मौके पर ही अधिकतम आवेदनों का समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने ग्राम सभाओं में प्रस्तावित मांगों को भी इस अभियान के माध्यम से स्वीकृत करते हुए स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित करने के निर्देश दिए। शिविरों में पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पत्र, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ तत्काल प्रदान करने और दस्तावेजों का वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने ‘‘बस्तर मुन्ने सैचुरेशन शिविर‘‘ की प्रगति की भी समीक्षा की। संबंधित एसडीएम को नियमित मॉनिटरिंग कर शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सड़क सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल, जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन का लक्ष्य है हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना, समस्याओं का त्वरित समाधान करना और जिले में विश्वास व विकास की नई मिसाल कायम करना।