सुशासन तिहार दिव्यांग नेहा को मौके पर ही मिली ब्लाइंड स्टिक चलने में होगी सहूलियत

रायगढ़, 6 मई 2026/sns/- “संवाद से समाधान” थीम पर आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत लैलूंगा विकासखंड के ग्राम झगरपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में प्रशासन की तत्परता का सकारात्मक उदाहरण देखने को मिला। शिविर में दिव्यांग बालिका नेहा अपनी माता हेमंती कुम्हार के साथ समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर पहुंची और चलने में हो रही परेशानी बताते हुए ब्लाइंड स्टिक के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्राप्त होते ही विभागीय अमले ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मौके पर ही उसका निराकरण किया और नेहा को तत्काल ब्लाइंड स्टिक उपलब्ध करा दी। ब्लाइंड स्टिक मिलने से अब नेहा को चलने में सहूलियत होगी, जिससे वह अपने दैनिक कार्य आसानी से कर सकेगी। गौरतलब है कि सुशासन तिहार के तहत जिले भर में शिविर आयोजित कर आमजन से सीधे संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। ग्राम झगरपुर में आयोजित यह शिविर भी इसी दिशा में प्रभावी पहल के रूप में सामने आया, जहां विभिन्न विभागों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया।

About The Author