सुकमा में युवा खिलाडियों के लिए सुनहरा अवसर
सुकमा, 05 मई 2026/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सुकमा द्वारा प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 10 मई से 31 मई 2026 तक 22 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेलकूद प्रशिक्षण शिविर 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के अंतर्गत कराटे, बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट एवं योगा में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शिविर में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री भी पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशिक्षण शिविर का आयोजन प्रातः 06 बजे से 08 बजे तथा सायं 05 बजे से 06 बजे तक दो सत्रों में किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों के लिए सुबह के सत्र में पौष्टिक आहार (चना-गुड़) तथा शाम के सत्र में ग्लूकोज की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। विभाग द्वारा बताया गया है कि शिविर में 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे वे खेलों में आगे बढ़कर जिले का नाम रोशन कर सकें।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सुकमा ने इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की है कि प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु प्रशिक्षण फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी जिला खेल अधिकारी सुकमा (मो. 9425260430) से संपर्क कर सकते हैं। शिविर के अंतर्गत कराटे प्रशिक्षण श्री बसंत जेना (उड़िया) द्वारा स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति केन्द्र सुकमा में, योगा प्रशिक्षण श्री रामनारायण मिश्रा द्वारा लाईवलीहूड में, क्रिकेट प्रशिक्षण आशुतोष सिंह (रायपुर) द्वारा, फुटबॉल प्रशिक्षण श्री शिवेन्द्र ठाकूर द्वारा मिनी स्टेडियम सुकमा में तथा बैडमिंटन प्रशिक्षण श्री धीरेन्द्र मांझी, मुकेश कश्यप एवं अर्जुन मरकाम द्वारा फॉरेस्ट इंडोर में दिया जाएगा। वहीं हॉकी प्रशिक्षण छिंदगढ़ में श्रीमती योगिता नायक द्वारा प्रदान किया जाएगा। विभाग ने सभी खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर शिविर को सफल बनाने की अपील की है।