सुकमा में 11 मई को जिला स्तरीय रोजगार मेला
सुकमा, 07 मई 2026/sns/- सुकमा एवं अन्य जिलों के न्यूनतम 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा उत्तीर्ण महिला-पुरुष अभ्यर्थियों के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। कार्यालय जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, सुकमा द्वारा दिनांक 11 मई 2026 को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक कार्यालय परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय रोजगार प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
इस रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र के नियोजक सेफ इंटेलिजेंट सिक्योरिटी सर्विसेज द्वारा आर्य नगर, कोहका, भिलाई, दुर्ग (छत्तीसगढ़) में कार्य हेतु भर्ती की जाएगी। कैंप में फील्ड ऑफिसर के 06 पद एवं ट्रेनिंग ऑफिसर के 03 पद के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित होगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर स्थल पर उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन, समस्त दस्तावेजों की मूल प्रति व छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर उपस्थित हों। यह अवसर पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। अधिक जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए विभागीय वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in/ पर विजिट किया जा सकता है।