मौलाना अब्दुल कलाम वार्ड सुकमा में लगा समाधान शिविर कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सुकमा, 07 मई 2026/sns/- सुशासन तिहार के अंतर्गत नगरीय निकाय सुकमा के मौलाना अब्दुल कलाम भवन (वार्ड क्रमांक 02) में शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें वार्ड क्रमांक 01, 02, 03 एवं 06 के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित हुए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं से संबंधित सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे आमजन को त्वरित राहत और समाधान मिला।
शिविर के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार ने औचक निरीक्षण कर सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और विभागीय कर्मचारियों से योजनाओं की प्रगति एवं नागरिकों को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। उनके साथ नगर पालिका अध्यक्ष श्री हुँगाराम मरकाम भी मौजूद रहे। पालिका अध्यक्ष श्री मरकाम ने शिविर में ही बीपी एवं शुगर की जांच कराकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कलेक्टर ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार ने महिला एवं बाल विकास विभाग को महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का केवाईसी तत्काल कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शिविर में प्राप्त राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड एवं राजस्व संबंधी आवेदनों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन की इस सक्रियता से शिविर जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया और नागरिकों में शासन के प्रति विश्वास और संतोष का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर तहसीलदार श्री गिरीश निम्बालकर, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री विनीत साव, पार्षदगण श्री रंजीत बारठ, श्री शोभन गन्दामी, श्री शेख नजीर, श्री विवेक यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

About The Author