जिला चिकित्सालय के लेबर वार्ड में लगा 2 एसी व एग्जॉस्ट फैन

सुकमा, 08 मई 2026/sns/-सुकमा जिला प्रशासन ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए जिला चिकित्सालय स्थित मातृ-शिशु अस्पताल के लेबर वार्ड में मरीजों को राहत पहुंचाई है। तकनीकी खराबी के कारण सेंट्रल एसी बंद होने से प्रसूताओं और नवजात शिशुओं को उमस व भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था, जिससे वार्ड में असुविधा बढ़ गई थी।
मामला प्रशासन के संज्ञान में आते ही कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए लेबर वार्ड में दो नए एसी स्थापित कर दिए। साथ ही वार्ड के वातावरण को बेहतर बनाने के लिए सभी खिड़कियों पर एग्जॉस्ट फैन भी लगाए गए, जिससे क्रॉस-वेंटिलेशन की सुविधा मजबूत हुई और वार्ड में हवा का संचार बढ़ गया।
इस त्वरित सुधारात्मक कदम से मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है तथा जिला प्रशासन की सक्रियता की सराहना भी की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य सर्वाेच्च प्राथमिकता है, इसलिए सेंट्रल एसी की मरम्मत में समय लगने से पहले ही यह तात्कालिक व्यवस्था की गई, ताकि किसी भी मरीज को परेशानी न हो।

About The Author