प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण संपन्न

राजनांदगांव, 08 मई 2026/sns/- जिले में आज छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलरहित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन व्यापम के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले के 2 परीक्षा केंद्रों में प्रात: 10 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार निर्धारित समय प्रात: 9.30 बजे बंद कर दिए गए, जिसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। परीक्षा में कुल 450 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 297 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 153 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हुई। परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थी, जिससे उन्हें परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक एवं फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) द्वारा लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। परीक्षा केंद्रों में फ्रिस्किंग, सुरक्षा जांच तथा प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट की सुरक्षा हेतु डबल लॉक सिस्टम का कड़ाई से पालन किया गया। केंद्र परिसरों में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया था।
कलेक्टर द्वारा पूर्व में जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने, आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यापम के सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। केंद्राध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा इन निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन किया गया। जिला प्रशासन ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई है।

About The Author