सुशासन आपके द्वार जनसमस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान
मुंगेली, 09 मई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा आम जनता तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत आज लोरमी विकासखंड के ग्राम कारीडोंगरी में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिला समूह की सदस्याएं, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह ठाकुर द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और योजनाओं का लाभ उठाने लोगों को प्रोत्साहित किया गया। शिविर में 26 ग्राम पंचायतों के 780 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनका प्रभावी निराकरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि “सरकार आपके द्वार” की अवधारणा को साकार करने के लिए प्रशासन गांव-गांव पहुंच रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, महतारी वंदन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान, लखपति दीदी योजना सहित महिला एवं गर्भवती हितग्राही योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में वनमण्डलाधिकारी श्री अभिनव कुमार ने कहा कि जनमानस ही सर्वाेच्च होता है और प्रशासन का दायित्व जनता की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या हो तो संबंधित अधिकारियों तक अपनी बात अवश्य पहुंचाएं ताकि समय पर निराकरण किया जा सके। वनमण्डलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आने वाले समय में जल संकट और गंभीर रूप ले सकता है, इसलिए अभी से जल संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा जल के सदुपयोग के प्रति जागरूक रहने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। यदि आज हम जल और पर्यावरण को बचाने के लिए गंभीर प्रयास नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को भारी संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने ग्रामीणों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए भी प्रेरित किया और कहा कि अक्षय ऊर्जा भविष्य की आवश्यकता है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक बचत भी होगी।
हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, इनमें 13 हितग्राहियों को पीएम जनमन आवास की चाबी, 29 हितग्राहियों को स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय स्वीकृति आदेश, 05 लोगों को जॉब कार्ड, 20 लोगों को सामुदायिक निवेश कोष का चेक, 08 पेंशन स्वीकृति आदेश, 10 लोगों को राशन कार्ड वितरण, 02 लोगों को महाजाल और इस बॉक्स, 10 कृषकों को फलदार पौधे, 30 श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड, 05 लोगों को नानी सुरक्षा बॉन्ड पेपर, 05 महिलाओं को पोषण अभियान अंतर्गत सुपोषण टोकरी का वितरण, विद्यारंभ योजना अंतर्गत पांच बच्चों को प्रमाण पत्र, 11 किसानों को केसीसी अंतर्गत चेक, 10 किसानों को अरहर मिनी किट और 09 लोगों को आयुष्मान कार्ड प्रदान कर लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित संबंधित अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।