सही दवा शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार
मुंगेली, 09 मई 2026/sns/- जिले के नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य एवं औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में 11 मई तक “सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न खाद्य एवं औषधि दुकानों की लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्रामीण क्षेत्रों में कोटपा एक्ट 2003 के तहत विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कोटपा एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत कुल 32 दुकानों की जांच की गई। इनमें 13 दुकानों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि 19 दुकानों पर कुल 03 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री तथा स्कूलों के आसपास तंबाकू विक्रय पर प्रतिबंध संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए दुकानदारों को जागरूक किया।
अभियान के तहत खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सरगांव एवं पथरिया क्षेत्र के 10 ढाबों और खाद्य दुकानों में भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छ पेयजल, तेल के दोबारा उपयोग तथा अखबारी कागज में खाद्य सामग्री पैकिंग जैसी व्यवस्थाओं की जांच की गई। औषधि निरीक्षक श्रीमती किरण सिंह, श्रीमती सुमनलता कंवर, नमूना सहायक श्रीमती रितु गेंदले, तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अधिकारियों तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सार्वजनिक स्थलों एवं दुकानों में निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ढाबा संचालकों को निर्देश दिए कि खाद्य सामग्री बनाने में अखाद्य रंगों का उपयोग न करें, शाकाहारी एवं मांसाहारी भोजन के लिए अलग-अलग बर्तनों का उपयोग करें तथा खाद्य पंजीयन अनिवार्य रूप से कराएं। जिन प्रतिष्ठानों में खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया, उन्हें तत्काल पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम नागरिकों को ताजा एवं स्वच्छ भोजन का ही सेवन करने तथा तंबाकू उत्पादों से दूर रहने की समझाइश दी है।