विश्व रेडक्रॉस दिवस पर जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर आयोजित

मुंगेली, 09 मई 2026/sns/- विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय मुंगेली में स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिलेभर से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया। शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए सर्वाइकल कैंसर के 26 मरीजों तथा ब्रेस्ट कैंसर के 31 मरीजों की जांच की गई। साथ ही 18 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 08 उच्च जोखिम वाली महिलाओं की विशेष जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। इसके अतिरिक्त आम नागरिकों के लिए बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच कर दवाओं का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 08 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “एक यूनिट रक्त कई जिंदगियां बचा सकता है।” उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस दिवस का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक व्यावहारिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना भी है। इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, पैथोलॉजिस्ट डॉ. किरण सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा स्मृति लाल, चिकित्सा अधिकारी डॉ. कविता मरकाम सहित अन्य चिकित्सकीय अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author