सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में उमड़ा श्रद्धा और संस्कृति का संगम

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 11 मई 2026/sns/-संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन सारंगढ़ बिलाईगढ़ के सौजन्य से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू,जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय, सीईओ इंद्रजीत बर्मन द्वारा खाडाबंध तालाब तट पर स्थित खडगेश्वरनाथ महादेव मंदिर के गर्भगृह में विधिवत पूजा अर्चना कर किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर क्षेत्र की सुख- समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर के आंगन में भजन कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में सत्ताधारी दल के वरिष्ठ नेता जगन्नाथ पाणिग्राही, जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, भुवन मिश्रा सहित एसडीएम सारंगढ़ वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, उप संचालक समाज कल्याण विनय तिवारी आदि ने महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-पाठ किया और आयोजन में शामिल हुए।

पूजा अर्चना पश्चात केसरवानी भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उपस्थित जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री मोदी के सोमनाथ की रैली का सीधा प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से देखा। तदुपरांत कलेक्टर ने भारतीय संस्कृति, संस्कार, आस्था, विश्वास और परंपराओं पर अपनी बात कही। जिपं अध्यक्ष पांडे ने सोमनाथ के इतिहास के बारे में बताया। इस बीच प्रोजेक्टर के द्वारा प्रधानमंत्री के संबोधन को लोगों ने बड़े उत्साह और ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का माहौल देखने को मिला सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिक, समाजसेवी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और  सहायिका सहित बिहान समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन एवं उत्साह का वातावरण बना रहा। इस दौरान केला, तरबूज का प्रसाद वितरण किया गया।

About The Author