सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ करें निराकरण कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

मोहला, 13 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभागवार प्राप्त आवेदनों की प्रविष्टि एवं निराकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर एवं अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने शिकायत संबंधी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मांग संबंधी आवेदनों में संबंधित आवेदकों की पात्रता का परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने कहा, ताकि पात्र हितग्राहियों को भविष्य में विभागीय योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने राजस्व विभाग से संबंधित मांग एवं शिकायत आवेदनों की भी समीक्षा करते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ई-ऑफिस की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विभागीय कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनिवार्य बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा। सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने आरसेटी भवन की पूर्णता की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कोर्स प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने पीएचई, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों एवं चिकित्सालयों में रनिंग वाटर सप्लाई की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संस्थानों में अनिवार्य रूप से पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने को-ऑपरेटिव सोसायटी गठन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी विभागीय अधिकारियों को जनदर्शन के लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

About The Author