पीईटी प्रवेश परीक्षा 14 मई को

राजनांदगांव, 13 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) के निर्देशानुसार जिले में प्री-इंजीनियरिंग टेस्ट (पीईटी) प्रवेश परीक्षा का आयोजन 14 मई 2026 को किया जाएगा। परीक्षा के लिए जिले में कुल 2 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रात: 10 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों के गेट सुबह 9.30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। जिले से कुल 460 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
व्यापम के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड एवं वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, इयरफोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा किसी भी प्रकार की लिखित अथवा मुद्रित सामग्री परीक्षा केंद्र में ले जाना वर्जित रहेगा। परीक्षार्थियों को हल्के एवं सरल कपड़े पहनकर आने तथा पारदर्शी पानी की बोतल साथ लाने की अनुमति होगी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रवेश द्वार पर फ्रिस्किंग एवं सुरक्षा जांच की जाएगी।
परीक्षा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा पर्यवेक्षक एवं एफएसटी टीमों की नियुक्ति की गई है, जो परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। केंद्राध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, आवश्यक सुविधाएं एवं शांत वातावरण सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे व्यापम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे तथा आवश्यक दस्तावेज साथ लाकर परीक्षा में सम्मिलित हों, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

About The Author