प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली माड़वी बुधरी की तक़दीर
सुकमा, 18 मई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुकमा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सुकमा विकासखंड के ग्राम पंचायत डोडपाल निवासी श्रीमती माडवी बुधरी की कहानी इस बदलाव का जीवंत उदाहरण है, जहाँ एक कच्ची झोपड़ी में कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजारने वाली महिला आज अपने पक्के घर में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं।
पूर्व में श्रीमती माडवी बुधरी का परिवार कच्चे मकान में रहता था, जहाँ बारिश के मौसम में छत से पानी टपकता था और हर दिन असुरक्षा का माहौल बना रहता था। आर्थिक तंगी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने जीवन को बेहद कठिन बना दिया था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके सपनों को हकीकत में बदल दिया और वित्तीय वर्ष 2024-25 में उन्हें पक्के आवास की स्वीकृति मिली, जिसके बाद आज उनका स्वयं का मजबूत घर बनकर तैयार हो चुका है।
इस आवास निर्माण में शासन की योजनाओं का बेहतर अभिसरण भी सुनिश्चित किया गया। मनरेगा से प्राप्त मजदूरी ने निर्माण कार्य को गति दी, वहीं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण कर स्वच्छता और सुविधा का भी ध्यान रखा गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सुकमा प्रवास के दौरान श्रीमती माड़वी बुधरी को सांकेतिक रूप से आवास की चाबी सौंपकर सम्मानित किया, जिससे लाभार्थियों में उत्साह और विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि सभी हितग्राहियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण आवास मिल सके। जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने भी बताया कि हितग्राहियों को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए सतत मॉनिटरिंग और मार्गदर्शन किया जा रहा है। वहीं श्रीमती माडवी बुधरी ने भावुक होकर कहा कि पहले कच्चे घर में हर बारिश डर लेकर आती थी, लेकिन अब पक्के घर में परिवार के साथ सुरक्षित महसूस करती हूँ और इसके लिए सरकार व प्रशासन को दिल से धन्यवाद देती हूँ।