19 मई को भिलाई और जामुल में जुटेंगे नागरिक समस्याओं का होगा त्वरित निपटारा
दुर्ग, 18 मई 2026/ sns/-कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में दुर्ग जिले के नगरीय क्षेत्रों में संचालित ’सुशासन तिहार-2026’ अभियान के तहत 19 मई 2026 (मंगलवार) को जिले के प्रमुख नगरीय निकायों के विभिन्न वार्डों के लिए विशेष समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों में नागरिक उपस्थित होकर सुबह 09 बजे से शाम 04 बजे तक अपनी शिकायतों और मांगों का त्वरित समाधान करा सकेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिक निगम भिलाई के अंतर्गत जोन-02 वैशाली नगर के नागरिकों के लिए हाउसिंग बोर्ड सूर्यकुण्ड सामुदायिक भवन में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में वार्ड क्रमांक 21 से 25 (कैलाश नगर, कुरूद बस्ती, घासीदास नगर, हाउसिंग बोर्ड, जवाहर नगर और हाऊसिंग बोर्ड) के नागरिक शामिल होकर अपनी समस्याओं का निराकरण करा सकते हैं। इसी प्रकार, नगर पालिका परिषद जामुल के अंतर्गत ए.सी.सी. मंगल भवन (वार्ड क्रमांक 13) में भव्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर के दायरे में वार्ड क्रमांक 08, 11, 12, 13, 14 और 15 को शामिल किया गया है।