सुशासन तिहार बना जीवन की सुरक्षा का आधार
दुर्ग, 18 मई 2026/sns/- जिले में विगत 1 मई से ’सुशासन तिहार’ का गरिमामयी आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए लगातार जिला प्रशासन द्वारा जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 16 मई को रिसाली नगर निगम क्षेत्र के मरोदा स्टेशन स्थित दुर्गा मंच के पास आयोजित शिविर कई परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आया, जहाँ आर्थिक रूप से चिंतित स्थानीय निवासी श्री श्याम नारायण दत्ता के चेहरे पर उस समय खुशी की लहर दौड़ गई जब प्रशासन की त्वरित कार्यप्रणाली से मौके पर ही उनका आयुष्मान कार्ड तैयार कर दिया गया। दुर्ग (ग्रामीण) विधायक श्री ललित चंद्राकर, संभाग आयुक्त श्री सत्यनारायण राठौर एवं आईजी दुर्ग संभाग श्री अशोक शांडिल्य के हाथों से ₹5 लाख तक की निःशुल्क उपचार सुविधा वाला यह सुरक्षा कवच प्राप्त करने के बाद श्री दत्ता बेहद भावुक हो उठे और उन्होंने शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गंभीर बीमारी के समय इलाज का भारी-भरकम खर्च सबसे बड़ी चिंता होता है, लेकिन अब यह कार्ड उनके लिए ’संजीवनी बूटी’ साबित होगा, जिससे भविष्य में बेहतर उपचार आसानी से संभव हो सकेगा। सुशासन तिहार के माध्यम से शासकीय योजनाएं सीधे अंतिम छोर के नागरिकों तक पारदर्शी तरीके से पहुँचकर उनके जीवन में सुरक्षा, विश्वास और राहत का नया संचार कर रही है।