शिवकुमार ने हस्तनिर्मित जिले का नक्शा कलेक्टर को किया भेंट
बलौदाबाजार, 18 मई 2026/sns/-ग्राम पंचायत सचिव की जिम्मेदारी निभाते हुए स्केल और पेन्सिल से नक्शा बनाने की जूनून ने शिवकुमार निराला को एक नई पहचान दिलाई है। नक़्शे में भौगोलिक व राजनैतिक स्थिति को बेहद आकर्षक ढंग से दर्शाया है। शिवकुमार ने सोमवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाक़ात कर हस्तनिर्मित नक्शा भेंट किया। कलेक्टर ने शिवकुमार की कला व मेहनत की सराहना करते हुए प्रोत्साहित किया। उन्होंने हस्तनिर्मित सुंदर नक़्शे का सम्मान करते हुए अपने टेबल में लगवाने की बात कही।
विकासखंड बिलाईगढ़ अंतर्गत ग्राम चकरदा निवासी ग्राम पंचायत सचिव शिवकुमार निराला ने बताया कि वर्तमान में जनपद पंचायत कार्यालय बलौदाबाजार में संलग्न हैं। उन्होंने बताया कि ड्राइंग -पेंटिंग को कोई प्रशिक्षण नहीं लिया है। स्केच बनाने में रूचि थी, उसी रूचि को नक्शा बनाने की दिशा में मोडा। उन्होंने बताया कि लगभग 3 बाई 6 साइज का एक विकासखंड का नक्शा बनाने में एक माह का समय लगता है। इस तरह जिले का नक्शा बनाने में करीब 5 माह लगा था।
शिवकुमार द्वारा अपने हाथों से बनाया गया जिले का नक्शा उनकी बारीक कलाकारी, धैर्य और लगन को दर्शाता है।किसी भी क्षेत्र का नक्शा हाथ से बनाना बेहद सटीकता और भौगोलिक समझ की जरुरत होती है।