जनजातीय गरिमा उत्सव – जनभागीदारी अभियान 18 मई से 25 मई तक आयोजित

मोहला 20 मई 2026/sns/- जिला प्रशासन एवं आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में निवासरत आदिवासी समुदायों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से “जनजातीय गरिमा उत्सव – जनभागीदारी अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 18 मई से 25 मई 2026 तक जिलेभर में संचालित होगा। अभियान का उद्देश्य आदिवासी अंचलों में रहने वाले लोगों को शासन की योजनाओं से सीधे जोड़ना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से प्रशासन द्वारा “जनभागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान का औपचारिक शुभारंभ 15 मई 2026 को सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित कोरचा शिविर से किया गया था। इसके बाद अब जिले के धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अन्तर्गत चयनित 245 ग्रामों में विशेष संतृप्तिकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे तथा आधार कार्ड अद्यतन करने की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन भी मौके पर स्वीकार किए जाएंगे, ताकि पात्र लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके। ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आदिसेवा केंद्रों में जनसुनवाई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन जनसुनवाई शिविरों में आमजन अपनी समस्याएं एवं मांगें सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे, जिनका प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंच सके और जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास को गति मिल सके।

About The Author