तेंदुपत्ता की गुणवत्ता भंडारण और परिवहन कार्यों की सराहना
सुकमा, 21 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूप साय सलाम का बुधवार को सुकमा जिले का महत्वपूर्ण प्रवास रहा। तोंगपाल वनोपज जांच नाका पहुंचने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने संघ गोदाम तोंगपाल का निरीक्षण कर वर्ष 2026 तेंदूपत्ता सीजन के तहत किए जा रहे लाट स्टेकिंग कार्य एवं तेंदूपत्ता बोरों की मौके पर गणना कर गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान गड्डियां सही पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के आवश्यक निर्देश दिए।
सुकमा जिला आगमन पर उप वन मंडलाधिकारी श्री अशोक भट्ट द्वारा जिला यूनियन सुकमा की गतिविधियों एवं तेंदूपत्ता संग्रहण, भंडारण तथा परिवहन संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके बाद अध्यक्ष श्री सलाम ने संघ गोदाम सुकमा का निरीक्षण कर गोदामीकरण कार्य एवं पत्तों की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने दोरनापाल सब डिविजन अंतर्गत बुर्कापाल फड़ में चल रहे बोरा भर्ती कार्य का भी जायजा लिया तथा तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों से संवाद कर शासन की बीमा एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही संग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाले तेंदूपत्ता संग्रहण एवं बैंक खातों के माध्यम से भुगतान प्राप्त करने हेतु जागरूक किया गया।
प्रवास के दौरान अध्यक्ष श्री सलाम ने चिंतलनार स्थित अस्थायी गोदाम (ट्रकेबल प्वाइंट) पहुंचकर जगरगुंडा समिति से आए तेंदूपत्ता बोरों की जानकारी ली तथा जगदलपुर मुख्य गोदाम के लिए भेजी जा रही परिवहन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 25 से 30 हजार वास्तविक बोरों की क्षमता वाले आधुनिक गोदाम निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। जिला यूनियन सुकमा द्वारा किए जा रहे व्यवस्थित भंडारण, गुणवत्तापूर्ण पत्तों की खरीदी एवं वैज्ञानिक उपचार कार्यों की अध्यक्ष ने खुलकर प्रशंसा करते हुए इसे प्रशासन एवं संघ के बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।