सुशासन तिहार नवविवाहित जोड़े राजकुमार और पूजा को मुख्यमंत्री के हाथों मिला विवाह प्रमाण पत्र

बलौदाबाजार, 23 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन का एक जीवंत और सुखद नजारा करहीबाजार में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में देखने को मिला, सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के हाथों एक नव विवाहित जोड़े को विवाह प्रमाण पत्र मिला। ग्राम मोपर  निवासी राजकुमार निर्मलकर और उनकी धर्मपत्नी पूजा रजक, जिनका विवाह दो माह पूर्व ही संपन्न हुआ है। इस शिविर में अपनी नई जिंदगी की शुरुआत के आधिकारिक दस्तावेज यानी विवाह प्रमाण पत्र के लिए पहुंचे थे। उन्होंने शिविर में लगे सेवा सेतु केंद्र के स्टॉल पर जाकर विवाह प्रमाण पत्र हेतु अपना आवेदन जमा किया। शासन की त्वरित कार्यप्रणाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आवेदन मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने तुरंत कागजी प्रक्रिया पूरी की और चंद मिनटों के भीतर उनका विवाह प्रमाण पत्र तैयार कर दिया। इस नवदंपत्ति की खुशी उस समय दोगुनी हो गई, जब खुद सूबे के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने हाथों से उन्हें यह विवाह प्रमाण पत्र भेंट किया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन के लिए अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री के हाथों विवाह प्रमाण पत्र पाकर भावविभोर हुए राजकुमार और पूजा ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटे बिना, इतनी आसानी से और इतनी तेजी से उनका प्रमाण पत्र बन जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की इस संवेदनशील और सुलभ सुशासन व्यवस्था के प्रति दिल से आभार जताते हुए नवविवाहित जोड़े ने कहा कि यह शिविर आम जनता के लिए सचमुच वरदान साबित हो रहा है, जहां एक ही छत के नीचे बिना किसी परेशानी के तत्काल काम हो रहे हैं।

About The Author