कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत की क्लस्टर स्तरीय बैठकों से ग्राम पंचायतों को मिल रहा त्वरित समाधान

मोहला, 23 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर द्वारा जिले में क्लस्टर स्तर पर लगातार सरपंचों एवं ग्राम पंचायत सचिवों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में पीएचई, क्रेड़ा, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित होकर जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं। बैठकों में ग्राम पंचायतों की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना जा रहा है तथा कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि पहली बार ग्राम पंचायत स्तर की समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर इतने गंभीर एवं विस्तृत स्तर पर चर्चा हो रही है। जिससे सभी सरपंच एवं सचिव अत्यंत संतुष्ट और उत्साहित हैं। बैठक के दौरान विशेष रूप से वर्तमान समय में जल संकट एवं पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिक से अधिक जल संरक्षण संरचनाएं निर्मित करने, जल संचय कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने, तालाब गहरीकरण, डबरी, नाला उपचार, ट्रेंच, चेकडैम, वर्षा जल संचयन एवं भू-जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों को जल संरक्षण अभियान से जोड़ने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों में इन बैठकों को लेकर विशेष उत्साह एवं खुशी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि अब ग्राम पंचायत स्तर पर ही विभिन्न सेवाएं एवं समाधान उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे आम जनता के कार्य सरल एवं तेजी से पूरे हो रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने भी जिला प्रशासन की इस पहल को ग्रामीण विकास एवं सुशासन की दिशा में अत्यंत सकारात्मक कदम बताया है।

  • ग्राम पंचायतों से प्राप्त समस्याओं का त्वरित निराकरण करें सुनिश्चित

बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पंचायत स्तर पर ही विभिन्न विभागीय सेवाएं आम जनता को सरलता से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए विभागीय अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने कहा गया। कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों से प्राप्त समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें शासन की मूल इकाई हैं और गांव स्तर पर समस्याओं का समाधान ही सुशासन की वास्तविक पहचान है। बैठकों में सरपंचों द्वारा पेयजल, सिंचाई, सोलर लाइट, तालाब मरम्मत, कृषि सहायता, जल संरक्षण, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विषय रखे गए, जिन पर विभागीय अधिकारियों द्वारा तत्काल मार्गदर्शन एवं समाधान प्रदान किया गया।

About The Author