सपनों के घर को मिलेगा डिजिटल संरक्षण सुकमा में शुरू हुआ जिओ टैगिंग तिहार
सुकमा, 25 मई 2026/sns/- जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से “जिओ टैगिंग तिहार” की शुरुआत की गई है। कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में 22 से 24 मई तक संचालित होने वाला यह विशेष अभियान जनपद पंचायत कोंटा, छिंदगढ़ एवं सुकमा में बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से निर्माणाधीन आवासों के प्लिंथ स्तर एवं पूर्ण हो चुके आवासों की डिजिटल जिओ टैगिंग कर वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जाएगा, जिससे योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि “जिओ टैगिंग तिहार” केवल तकनीकी प्रक्रिया नहीं, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने बताया कि डिजिटल मॉनिटरिंग से आवास निर्माण कार्यों की सतत निगरानी संभव होगी और हितग्राहियों को समय पर उनके सपनों का घर मिल सकेगा। अभियान के दौरान ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं आवास मित्र गांव-गांव पहुंचकर जिओ टैगिंग कार्यों को गति देंगे तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट साझा कर प्रशासनिक मॉनिटरिंग को और सशक्त बनाएंगे।
जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने पीएम आवास(ग्रामीण) के सभी मैदानी अमले से पूर्ण सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने बताया कि यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करेगा। उन्होंने इसे जनभागीदारी आधारित पहल बताते हुए कहा कि प्रत्येक हितग्राही का घर समय पर पूर्ण हो, यही प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान अवधि में सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी ग्राम पंचायतों में उपस्थित रहकर कार्य पूर्ण करें, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जा सके।