जल जीवन मिशन से जनकपुर में हर घर पहुंचा शुद्ध पेयजल
अम्बिकापुर, 26 मई 2026/sns/- जिले के विकासखण्ड लखनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत गणेशपुर के आश्रित ग्राम जनकपुर में जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन से ग्रामीणों को वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से राहत मिल गई है। जिला मुख्यालय से लगभग 33 किलोमीटर दूर स्थित इस छोटे से गांव में 11 परिवार निवासरत हैं।पहले जनकपुर के ग्रामीण पेयजल के लिए हैंडपंप और कुओं पर निर्भर थे। बरसात के दिनों में गंदा पानी निकलने की समस्या बनी रहती थी, जिससे विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ जाता था। वहीं गर्मी के मौसम में भू-जल स्तर गिरने से कुएं सूख जाते थे और हैंडपंप से भी पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाता था। पानी भरने के लिए ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को लंबे समय तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था, जिससे घरेलू और कृषि कार्य प्रभावित होते थे। अब जल जीवन मिशन के तहत पूरे जनकपुर गांव में 11 नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। गांव में 10 हजार लीटर क्षमता वाले स्टील स्ट्रक्चर टंकी का निर्माण किया गया है, जिसके माध्यम से सभी ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद गांव के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। ग्राम सरपंच वृक्षमनिया देवी बताती हैं कि ग्राम जनकपुर को “हर घर जल ग्राम” घोषित किया गया है। जल जीवन मिशन के प्रभाव से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। योजना के संचालन एवं निगरानी के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया गया है। साथ ही 5 महिलाओं द्वारा गठित जल वाहिनी समूह समय-समय पर पानी की शुद्धता की जांच कर रहा है, ताकि ग्रामीणों तक स्वच्छ पेयजल पहुंच सके। उपसरपंच अनिल ने बताया कि पहले पेयजल के लिए हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे काफी समय व्यर्थ हो जाता था। अब घर-घर नल से शुद्ध पानी मिलने के कारण महिलाओं को बड़ी राहत मिली है और वे घरेलू एवं कृषि कार्य समय पर कर पा रही हैं। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन को गांव के लिए वरदान बताया है।