बच्चों की प्रतिभा का भव्य उत्सव खेल कला और संस्कृति में बीजापुर के नौनिहालों ने बिखेरा हुनर
”बीजापुर, 26 मई 2026/sns/- जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक शिविर का समापन रंगारंग प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ। समापन समारोह में बच्चों की अद्भुत प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता ने सभी अतिथियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बीजापुर जिले के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की है। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान बच्चों ने जिस लगन और उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा समापन अवसर पर शानदार प्रस्तुतियां दीं, वह अत्यंत प्रेरणादायक और सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास और मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग, ट्राइबल विभाग और खेल विभाग की टीमों द्वारा किए गए समर्पित प्रयासों की भी प्रशंसा की।
11 मई से 25 मई तक आयोजित इस ग्रीष्मकालीन शिविर में खेल गतिविधियों के अंतर्गत फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, सॉफ्टबॉल, तीरंदाजी, स्वीमिंग और एथलेटिक्स का आवासीय प्रशिक्षण बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के प्रशिक्षकों द्वारा लगभग 300 बच्चों को प्रदान किया गया। वहीं सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत म्यूजिक, डांस, आर्ट, क्राफ्ट और पेंटिंग का प्रशिक्षण स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में स्थानीय प्रशिक्षकों के माध्यम से 300 बच्चों को दिया गया। समापन समारोह में प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स, सॉफ्ट टॉयज, मांडला आर्ट एवं अन्य कलाकृतियों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा। इसके साथ ही म्यूजिक, डांस और खेल प्रतिभागियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, एसडीएम जागेश्वर कौशल, डिप्टी कलेक्टर उत्तम पंचारी, डीईओ लखन लाल धनेलिया, सहायक आयुक्त देवेंद्र सिंह पाटले सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं दर्शक उपस्थित रहे।