आदर्श शहर समृद्धि योजना में लोरमी को बड़ी सौगात
मुंगेली, 26 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी ‘आदर्श शहर समृद्धि योजना’ के प्रथम चरण में नगरपालिका परिषद लोरमी का चयन होने से नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव के विशेष प्रयासों से बिलासपुर संभाग से लोरमी को इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल किया गया है। प्रदेश के पहले चरण में चयनित 32 नगरीय निकायों में लोरमी का शामिल होना नगर के विकास के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। योजना के तहत शहर की मूलभूत सुविधाओं के साथ आधुनिक शहरी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
योजना अंतर्गत शहर में बेहतर सड़क निर्माण, सुदृढ़ ड्रेनेज व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, आधुनिक परिवहन सुविधाएं, हरित क्षेत्र, पार्क एवं आवासीय सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, सामुदायिक सेवाओं के विस्तार, रोजगार एवं व्यापार-उद्यमिता को बढ़ावा देने, ई-गवर्नेंस, स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम, सुरक्षा व्यवस्था, जल संरक्षण एवं नवीकरणीय ऊर्जा जैसे आधुनिक विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। नगरपालिका परिषद लोरमी के अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा ने योजना में नगर के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह लोरमी के समग्र विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इसके लिए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस योजना से लोरमी एक आदर्श, स्वच्छ और समृद्ध शहर के रूप में नई पहचान बनाएगा।
शासन द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बिलासपुर संभाग स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति आगामी 15 दिनों के भीतर प्रस्तावित विकास कार्यों के स्थलों का निरीक्षण कर प्राथमिकता सूची एवं अनुमानित लागत का प्रस्ताव शासन को सौंपेगी।