सुकमा में 35 स्थानीय युवाओं को मिला रोजगार
सुकमा, 30 मई 2026/sns/- सुकमा जिले के स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिला रोजगार अधिकारी श्री एसके भार्वे के द्वारा एक शानदार पहल की गई। गुरुवार को आयोजित इस विशेष रोजगार मेले में युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मेले में मुख्य नियोजक श्मेसर्स श्रमीन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेडश् द्वारा विद्युत मीटर तकनीशियन के कुल 150 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस अवसर के लिए विभाग को पहले ही ऑनलाइन माध्यम से 62 आवेदन प्राप्त हो चुके थे, जिसने स्थानीय युवाओं में रोजगार के प्रति सजगता को साफ दर्शाया।
कड़े साक्षात्कार के बाद 35 आवेदकों का अंतिम चयन
रोजगार मेले के तय कार्यक्रम के अनुसार, कुल 37 आवेदक सीधे साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आयोजन स्थल पर उपस्थित हुए। कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा आवेदकों की योग्यता और कौशल का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। कड़ी और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के उपरांत, नियोजक द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 35 योग्य आवेदकों का अंतिम रूप से चयन कर लिया गया। चयन की प्रक्रिया इतनी त्वरित और डिजिटल रही कि चयनित युवाओं को मौके पर ही उनके ई-मेल के माध्यम से ऑफर लेटर (नियुक्ति पत्र) सौंप दिए गए।
गृह जिले में ही सेवा का मौका, 15,000 से 18,000 रुपये मिलेगा वेतन
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले यानी सुकमा में ही काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें पलायन की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इन सभी नवनियुक्त विद्युत मीटर तकनीशियनों को कंपनी द्वारा 15,000 से लेकर 18,000 रूपये प्रति माह का आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा। स्थानीय स्तर पर मिले इस रोजगार और सम्मानजनक वेतन से चयनित युवाओं और उनके परिवारों में खुशी की लहर है, वहीं प्रशासन की इस पहल की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।