धान संग्रहण केंद्रों में 5 जून तक शत-प्रतिशत उठाव के निर्देश
सुकमा, 30 मई 2026/sns/- धान संग्रहण केंद्रों में सुरक्षित रख-रखाव और समय पर परिवहन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री अमित कुमार के द्वारा संग्रहण केंद्र सुकमा का औचक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केंद्र में भंडारित जितने भी धान हैं, उनका आगामी 5 जून तक हर हाल में उठाव सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान धान परिवहन में लगे वाहनों की नियमितता और किस जिले के मिलर्स द्वारा उठाव किया जा रहा है, इसकी भी बारीक समीक्षा की गई। साथ ही, गाड़ियों में लोड की जा रही धान की मात्रा की मॉनिटरिंग करते हुए परिवहन व्यवस्था में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए गए। धान उठाव और सुरक्षा के मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त कर ली जाएं।
मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए धान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान को सुरक्षित ढकने के लिए कैप कवर की उपलब्धता और स्टैकों के बीच पानी निकासी (ड्रेनेज) की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया, ताकि असमय बारिश से धान को खराब होने से बचाया जा सके। इसके अलावा, केंद्रों पर धान की लोडिंग और अनलोडिंग के काम को रफ्तार देने के लिए हमालों (मजदूरों) की पर्याप्त उपलब्धता की भी जानकारी ली गई। साथ ही, संग्रहण केंद्र के सुचारू संचालन के लिए वहां प्रस्तावित कार्यालय भवन निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान खाद्य विभाग और विपणन संघ के आला अधिकारी जमीन पर मुस्तैद दिखे। मौके पर जिला खाद्य अधिकारी श्री रवि शंकर कोमरा, जिला विपणन अधिकारी श्री चेतन आनंद थवाईत और वरिष्ठ सहायक एवं संग्रहण केंद्र प्रभारी श्री दीपेंद्र सिंह ठाकुर उपस्थित रहे।