कृषि विभाग की कार्रवाई 17 बॉटल नैनो यूरिया जब्त समिति सहित 4 कृषि केन्द्रों को नोटिस

बलौदाबाजार, 2 जून 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार जिले में संचालित कृषि आदान विक्रय केंद्रों का सघन जांच अभियान जारी है तथा अनियमिता पर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को उर्वरक निरीक्षकों द्वारा निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 17 बॉटल नैनो यूरिया जब्त कर 2 सहकारी समिति एवं 2 कृषि सेवा केंद्रों को नोटिस जारी किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड पलारी के निरीक्षक सुचिन वर्मा ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, रोहांसी का निरिक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सहकारी समिति में संधारित ह्युमिक एसिड से संबधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न करा पाने के कारण उपलब्ध 17 बोतल (500 एमएल) ह्युमिक एसिड जब्त कर समिति को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, छेरकापुर का निरीक्षण के दौरान सहकारी समिति में भौतिक रूप से उपलब्ध उर्वरक स्कंध एवं पॉस मशीन में प्रदर्शित मात्रा में भिन्नता पाए जाने के कारण समिति को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ग्राम देवसुन्द्रा में संचालित मुन्ना कृषि सेवा केंद्र एवं देव कृषि केंद्र का निरीक्षण किया गया। विक्रय केन्द्रों द्वारा उर्वरक विक्रय की नियमित जानकारी प्रस्तुत न करने के कारण दोनों विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ग्राम दतान के वेद कृषि सेवा केंद्र तथा डबल लॉक पलारी का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
विकासखंड बलौदा बाजार के निरीक्षक लोकनाथ दिवान ने ग्राम सकरी के साहू ट्रेडर्स का निरीक्षण निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए ।

उप संचालक कृषि दीपक नायक ने बताया कि जिला स्तर एवं अनुविभाग स्पतर पर उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है जो जिले थोक एवं फुटकर विक्रय केन्द्रों का औचक निरिक्षण करेंगे तथा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करेंगे। इस वर्ष समितियों में यूरिया, डीएपी एवं पोटाश के अतिरिक्त एनपीके, एसएसपी, नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी का भी पर्याप्त मात्रा में भंडारण किया गया है। जिले को यूरिया 42930, डीएपी 16500, पोटाश 3500, एसएसपी 8000 तथा एनपीके 14500 कुल 85430 मे.टन का उर्वरक लक्ष्य प्राप्त हुआ है जिसके विरुद्ध उर्वरक भण्डारण यूरिया 19414, डीएपी 4315, पोटाश 2062, एसएसपी 4896 तथा एनपीके 5113 कुल 35800 मे.टन हो चुका है, तथा वितरण यूरिया 6348, डीएपी 18641, पोटाश 618, एसएसपी 1258 तथा एनपीके 2128 कुल 12216 मे.टन किया जा चुका है। केवल सहकारी समितियों में अद्यतन 25976 मे.टन उर्वरक का भण्डारण किया जा चुका है। जिले में उर्वरक भण्डारण वितरण का कार्य निरंतर जारी है।

About The Author